बदायूं, 3 सितंबर। जिलाधिकारी अवनीश राय ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में लंबित राजस्व वादों की समीक्षा की। इस दौरान जिले की पांचों तहसीलों में कुल 12,768 राजस्व वाद लंबित पाए गए। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को पुराने मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए।
समीक्षा में तहसील बदायूं में 3,649, बिसौली में 2,982, दातागंज में 2,506, बिल्सी में 1,863 और सहसवान में 1,768 वाद लंबित मिले। इनमें एक वर्ष से अधिक और तीन वर्ष से कम अवधि के 2,077, तीन वर्ष से अधिक के 248 तथा पांच वर्ष से अधिक पुराने 111 वाद शामिल हैं।
डीएम ने पांच वर्ष से अधिक पुराने मामलों को प्राथमिकता से निस्तारित करने को कहा। उन्होंने एसडीएम और तहसीलदारों को अपने स्तर से लंबित वादों की नियमित समीक्षा कर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में एडीएम वित्त एवं राजस्व महेन्द्र कुमार श्रीवास्तव समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat