खेत से घर लौटते समय हुआ हादसा, टक्कर मारकर वाहन चालक फरार
बगरैन। सैदपुर-बगरैन मार्ग पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से 20 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर बगरैन पुलिस और मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए।
सरौरी गांव निवासी अमनदीप उर्फ लल्ला बाबू पुत्र महेंद्र पाल शनिवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे खेत से वापस लौट रहा था। बताया गया कि वह सैदपुर-बगरैन मार्ग पर नकासा बाजार से आगे पहुंचा था। इसी दौरान बगरैन की ओर से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में अमनदीप गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद वाहन चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।
ग्रामीणों के अनुसार अमनदीप पढ़ाई में काफी होनहार था और बगरैन की एक लाइब्रेरी में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। वह तीन बहनों और दो भाइयों में एक था। युवक की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Budaun Amarprabhat