संवाददाता गोविन्द देवल
उझानी। नगर के स्टेशन रोड का नाम अब महाराजा अग्रसेन मार्ग हो गया है। रविवार शाम महाराजा अग्रसेन जयंती के उपलक्ष्य में नगर पालिका अध्यक्ष पूनम अग्रवाल ने पूर्व राज्यमंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल और अग्रवाल समाज के लोगों की मौजूदगी में मार्ग का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित किया।
नगर पालिका परिषद की पिछली बोर्ड बैठक में स्टेशन रोड का नाम बदलकर महाराजा अग्रसेन मार्ग करने का प्रस्ताव पारित किया गया था। इसी क्रम में रविवार को नामकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। लोकार्पण के दौरान उपस्थित लोगों ने महाराजा अग्रसेन के जयकारे लगाए।
इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष पूनम अग्रवाल ने कहा कि महाराजा अग्रसेन ने समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए कार्य किया। वे शांति और सामाजिक सद्भाव के प्रतीक थे। उनके आदर्श आज भी समाज को एकता और सहयोग की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में अग्रवाल समाज के बड़ी संख्या में महिला-पुरुष मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat