संवाददाता गोविन्द देवल
उझानी। नगर पालिका परिषद की ओर से महाराजा अग्रसेन मार्ग पर अस्पताल के सामने राजस्थानी कलाकृति की तर्ज पर बनवाए गए यात्री शेड का रविवार शाम लोकार्पण किया गया। पालिका अध्यक्ष पूनम अग्रवाल ने पूर्व राज्यमंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल और नागरिकों की मौजूदगी में यात्री शेड जनता को समर्पित किया।
नगर पालिका परिषद की ओर से यात्री शेड का निर्माण पारंपरिक शैली से अलग राजस्थानी कलाकृति को ध्यान में रखकर कराया गया है। पत्थर से तैयार इस यात्री शेड को आकर्षक स्वरूप दिया गया है। इसके निर्माण पर करीब 12 लाख रुपये की लागत आई है। इसका उद्देश्य यात्रियों को बैठने के लिए स्थान उपलब्ध कराने के साथ ही परिसर को आकर्षक रूप देना है।
रविवार शाम आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में पालिका अध्यक्ष पूनम अग्रवाल और पूर्व राज्यमंत्री विमल कृष्ण अग्रवाल के साथ नगर पालिका के अधिकारी, कर्मचारी तथा नागरिक मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat