बदायूं। जिले में अवैध कब्जों और प्रशासनिक अनदेखी के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (चढूनी) का अनिश्चितकालीन धरना 11 अक्टूबर 2026 को तीसरे दिन भी मालवीय आवास गृह पर जारी रहा। धरने का नेतृत्व कर रहे जिलाध्यक्ष सतीश साहू ने चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष पैमाइश कराकर तत्काल अतिक्रमण नहीं हटाया गया, तो संगठन उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होगा।
किसान नेताओं का आरोप है कि बीएसएनएल कार्यालय के पीछे नई सराय क्षेत्र में स्थित सरकारी भूमि, आठ फीट चौड़े सार्वजनिक रास्ते और मुख्य नाले पर भू-माफियाओं ने अवैध कब्जा कर रखा है। दिलशाद अब्बासी और शरीफ अब्बासी ने कहा कि अस्पताल के पास का रास्ता बंद कर सरकारी जमीन घेरी गई है और अस्पताल परिसर में संचालित मेडिकल स्टोर भी अवैध जमीन पर बना है, जिससे आम जनता का आवागमन बाधित हो रहा है। वक्ताओं ने चेताया कि मुख्य नाले पर निर्माण होने से आसपास की कॉलोनियों में जलभराव का भारी संकट पैदा होगा।
संगठन ने सरकारी भूमि व रास्तों की तत्काल निष्पक्ष पैमाइश कराने, नाले और रास्ते को अतिक्रमण मुक्त करने, कब्जाधारकों पर विधिक कार्रवाई करने और भगवान दास प्रेमा के मामले का त्वरित निस्तारण करने की मांग उठाई। धरने में बीयीशुदास, लईल अब्बासी, यादवेंद्र सिंह, नूरुद्दीन, परवेज, बादशाह, कल्लू, जुबैर, अबरार, सुभान, मुनव्वर, नौशाद, इस्लाम रजा, फैज, अरमान, आजम अब्बासी सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता व स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat