संवाददाता गोविन्द देवल
बिल्सी, बदायूं। बिल्सी थाना क्षेत्र के खेरी गांव में शारदीय नवरात्र के पहले दिन पुलिस चौकी की स्थापना के लिए भूमि पूजन किया गया। चौकी बनने से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों पर अंकुश लगाने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के प्रयासों को गति मिलने की उम्मीद है।
भूमि पूजन कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी बिल्सी आलोक सिद्धू, कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार सिंह और महिला उपनिरीक्षक रचना देशवाल मौजूद रहे। अधिकारियों ने विधि-विधान से पूजन कर चौकी की नींव रखी।
इस अवसर पर सीओ आलोक सिद्धू ने कहा कि पुलिस चौकी स्थापित होने से क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी बढ़ेगी। इससे आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने और स्थानीय स्तर पर सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। साथ ही क्षेत्र के लोगों को पुलिस से संपर्क करने में भी सुविधा होगी।
पुलिस चौकी की स्थापना को क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
Budaun Amarprabhat