Breaking News

गन हाउस के भीतर तेज धमाके के बाद लगी आग तीन मजदूर झुलसे, एक की हालत नाजुक

Spread the love

इस्लामनगर। कस्बे के मुख्य बाजार में सोमवार दोपहर शिवम गन हाउस के भीतर अचानक जोरदार धमाके के साथ भीषण आग लग गई। बाजार के बीचो-बीच हुए इस तेज ब्लास्ट से पूरे इलाके में भगदड़ और अफरातफरी मच गई। हादसे में दुकान के अंदर काम कर रहे तीन मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए।
आसपास के दुकानदारों और स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और तीनों घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। घायलों में सिठौली गांव निवासी अमित और शिवकुमार तथा इस्लामनगर निवासी राजेश शामिल हैं। डॉक्टरों के अनुसार, अमित की हालत बेहद नाजुक होने के कारण उसे प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया। सीओ बिल्सी आलोक सिद्धू ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। पुलिस ने गन हाउस संचालक शिवम और घायलों से घटना की जानकारी ली। साथ ही दुकान के असलहा-कारतूस लाइसेंस, स्टॉक रजिस्टर और भंडारण क्षमता से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में कारतूस फटने से विस्फोट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि ब्लास्ट की सटीक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
धमाके की तीव्रता और बारूद की प्रकृति जांचने के लिए फोरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से बारूद और जले हुए अवशेषों के नमूने एकत्र किए हैं। एफएसओ शैलेंद्र सिंह ने बताया कि दमकल टीम के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पा लिया था, जिससे आग आसपास की दुकानों में नहीं फैली। वहीं, एसडीएम बिल्सी गौरव आर्य ने राजस्व विभाग से विस्तृत जांच रिपोर्ट तलब की है। पुलिस का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह का किया पर्दाफाश 5 चोरी की बाइकों सहित 2 अभियुक्त गिरफ्तार

Spread the love​बिल्सी। जनपद में अपराध की रोकथाम व अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे …