म्याऊं। थाना अलापुर क्षेत्र अंतर्गत कस्बा म्याऊं के निकट बिचपुरी के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। इस दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, जनपद एटा के थाना सकरौली (श्रावल) निवासी आनंद पुत्र सत्यपाल अपनी पत्नी काजल के साथ फर्रुखाबाद स्थित रिश्तेदारी से बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान अलापुर थाना क्षेत्र के ग्राम संजरपुर निवासी सुरेश पुत्र धर्म सिंह बाइक से उसावां की ओर जा रहा था। बिचपुरी के समीप दोनों बाइकों की आमने-सामने तेज टक्कर हो गई। हादसे में आनंद, उसकी पत्नी काजल और दूसरी बाइक पर सवार सुरेश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
हादसे की सूचना मिलते ही म्याऊं पुलिस चौकी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) म्याऊं पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायलों की नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
Budaun Amarprabhat