Breaking News

नवरात्रि पर वृद्धाश्रम में बुजुर्ग महिलाओं को बांटीं साड़ियां व खाद्य सामग्री, मिशन शक्ति के तहत किया जागरूक

Spread the love

  • एएसपी मनोज कुमार रावत, सीओ विवेक जावला और प्रभारी निरीक्षक चंदौसी संत कुमार की मौजूदगी में हुआ कार्यक्रम

  • उपहार पाकर बुजुर्ग महिलाओं के चेहरों पर खिली मुस्कान, अधिकारियों ने दिया सुरक्षा व सम्मान का भरोसा

हिमालय शर्मा

चंदौसी (संभल)।शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर जनपद संभल के चंदौसी स्थित वृद्धाश्रम में सेवा, सम्मान और अपनत्व का अनूठा दृश्य देखने को मिला। पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में बुजुर्ग महिलाओं के लिए एक विशेष सम्मान एवं राहत वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) मनोज कुमार रावत, क्षेत्राधिकारी (सीओ) विवेक जावला और प्रभारी निरीक्षक चंदौसी संत कुमार ने आश्रम में रह रहीं बुजुर्ग माताओं को साड़ियां और पौष्टिक खाद्य सामग्री वितरित की।

त्योहार के शुभ अवसर पर नए वस्त्र और उपहार पाकर बुजुर्ग महिलाओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। अधिकारियों ने महिलाओं के साथ समय बिताकर उनसे आत्मीय संवाद किया और उनका कुशलक्षेम जाना।

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश सरकार द्वारा संचालित ‘मिशन शक्ति अभियान’ के तहत महिलाओं को जागरूक भी किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बुजुर्ग महिलाओं को उनके विधिक अधिकारों, महिला सुरक्षा और सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न या आपात स्थिति में वे निसंकोच पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112, महिला हेल्पलाइन 181, 1090 और वरिष्ठ नागरिक सहायता सेवाओं से तुरंत संपर्क कर सकती हैं।

एएसपी मनोज कुमार रावत ने कहा कि बुजुर्ग हमारी अमूल्य धरोहर हैं और उनका सम्मान व सुरक्षा समाज के हर वर्ग की पहली प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने इस पुनीत कार्य में सहयोग करने वाले सभी संभ्रांत नागरिकों का आभार व्यक्त किया। नवरात्रि के पावन अवसर पर पुलिस की यह मानवीय पहल समाज में महिला सम्मान, संवेदनशीलता और सुरक्षा का मजबूत संदेश दे रही है।


Spread the love

About Budaun Amarprabhat

Check Also

जिला कारागार में 11 बच्चे माताओं के साथ रह रहे, स्वास्थ्य और शिक्षा सुविधाओं पर दिया जोर

Spread the loveमहिला बंदियों के घरों पर रह रहे बच्चों को भी सुरक्षित बचपन योजना …