
15.83 किलोमीटर लंबे ग्रामीण संपर्क मार्गों की होगी मरम्मत, विधायक हरीश शाक्य ने जताया आभार
बिल्सी (बदायूं)। बिल्सी विधानसभा क्षेत्र में सात ग्रामीण संपर्क मार्गों के नवीनीकरण के लिए राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद की ओर से 5 करोड़ 49 लाख 75 हजार रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। इन मार्गों की कुल लंबाई करीब 15.83 किलोमीटर है। सड़कों की मरम्मत से क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों और विद्यार्थियों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।
विधायक हरीश शाक्य के प्रयासों से स्वीकृत इन मार्गों में शहजाद नगर से पहाड़पुर वाया खुलैट, बिल्सी से नगला जाटान, मझारा से बांस बरोलिया, मजरा नाथ नगला से हरपालपुर प्राथमिक विद्यालय तक की सड़क शामिल हैं। इसके अलावा उझानी-कछला मार्ग पर ग्राम जनुईया होते हुए मुरावन नगला तक, कछला-सहसवान मार्ग से हरपालपुर तक तथा अकोली से सिद्धपुर तक के मार्गों का भी नवीनीकरण कराया जाएगा।
विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि बिल्सी विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश को गड्ढामुक्त बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इन सात सड़कों के नवीनीकरण से किसानों को अपनी उपज मंडी तक पहुंचाने, बच्चों को स्कूल आने-जाने और आम लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र की अन्य सड़कों को भी चरणबद्ध तरीके से बेहतर बनाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। विधायक ने बजट स्वीकृत होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त किया।
Budaun Amarprabhat