अमर प्रभात ब्यूरो
बदायूँ। बदायूँ शहर के सबसे व्यस्ततम मुख्य बाजार में स्थित एक भवन का जर्जर जीना और उसके ऊपर बनी गुमठी किसी बड़े हादसे का सबब बन सकती है। 15 अक्टूबर को निकलने वाली भव्य श्रीराम बारात शोभायात्रा के दृष्टिगत मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर जिलाधिकारी (प्रशासन)/प्रभारी अधिकारी स्थानीय निकाय ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद बदायूँ को तत्काल जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं।
मोहल्ला चौबे (निकट देवी की मठिया) निवासी अंकित गुप्ता पुत्र स्व० अनिल गुप्ता ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर अवगत कराया कि कृष्णा स्वीट्स के सामने स्थित भवन (स्वामी जितेंद्र गुप्ता) का जीना एवं उसके ऊपर बनी गुमठी अत्यंत दयनीय व जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है। यह भवन शहर के व्यस्ततम बाजार में स्थित है, जहां रोजाना हजारों नागरिकों, स्कूली बच्चों और राहगीरों की आवाजाही रहती है। इसके अतिरिक्त नगर के सभी प्रमुख धार्मिक व सामाजिक जुलूस इसी मार्ग से होकर गुजरते हैं।
प्रार्थी ने बताया कि पूर्व में नगर मजिस्ट्रेट बदायूँ द्वारा उक्त खतरे को देखते हुए गुमठी को ध्वस्त कराने के आदेश दिए जा चुके हैं, जिस पर किसी न्यायालय का स्थगन आदेश भी नहीं है। 15 अक्टूबर को परंपरागत श्रीराम शोभायात्रा निकाली जानी है, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित होंगे। ऐसे में जर्जर गुमठी गिरने से जान-माल की अपार क्षति हो सकती है।
शिकायत का तत्काल संज्ञान लेते हुए एडीएम प्रशासन ने अधिशासी अधिकारी को प्रकरण की अभिलेखीय व स्थलीय जांच कर तत्काल ध्वस्तीकरण व अग्रिम विधिक कार्रवाई करने और आज ही आख्या प्रस्तुत करने का आदेश जारी किया है। साथ ही नगर मजिस्ट्रेट और क्षेत्राधिकारी नगर को भी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु प्रतिलिपि भेजी गई है।
Budaun Amarprabhat