बदायूँ। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन हेतु संचालित ‘मिशन शक्ति अभियान’ (फेज-6.0) के तहत बुधवार को जनपद बदायूँ में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में थाना फैजगंज बेहटा की मिशन शक्ति टीम ने गरीब, असहाय, बुजुर्ग और दिव्यांग महिलाओं एवं बालिकाओं को एकत्रित कर एक विशेष चौपाल का आयोजन किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं को फल वितरित किए गए और सुरक्षा व कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी वाले पंपलेट बांटे गए।
मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं को अपराधों से बचाव व अधिकारों के प्रति सजग करते हुए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे अभियानों जैसे ऑपरेशन मजनू, ऑपरेशन शील्ड, ऑपरेशन रक्षा, ऑपरेशन बचपन, महिला साइबर सेल, पिंक बूथ और महिला हेल्प डेस्क की कार्यप्रणाली समझाई। इसके अतिरिक्त सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और आयुष्मान कार्ड जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने के तरीके भी बताए गए।
चौपाल में संकट के समय तत्काल सहायता पाने के लिए आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों 112 (पुलिस सहायता), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1930 (साइबर हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड लाइन), 108 (एम्बुलेंस) और 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) के बारे में विस्तार से जागरूक किया गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर महिलाएं बिना किसी संकोच के तुरंत पुलिस की मदद ले सकें।
Budaun Amarprabhat