इज्जतनगर मंडल में स्वच्छता पखवाड़ा और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन अभियान के तहत जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित
बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में स्वच्छता पखवाड़ा-2026 और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन अभियान के तहत बुधवार को प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंडल रेल प्रबंधक वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में यात्रियों को स्वच्छता बनाए रखने और कचरे का उचित निस्तारण करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान यात्रियों से कचरा निर्धारित डस्टबिन में डालने, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा स्टेशन परिसर में गंदगी नहीं फैलाने की अपील की गई। साथ ही, सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों की जानकारी देकर इसके इस्तेमाल को कम करने और पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने के लिए जागरूक किया गया।
मथुरा कैंट रेलवे स्टेशन पर आयोजित रेल जनसंवाद कार्यक्रम में नामित अधिकारी ने यात्रियों, रेल कर्मचारियों और सफाई मित्रों से बातचीत की। इस दौरान स्टेशन की साफ-सफाई, पेयजल की स्वच्छता एवं सुरक्षा, कर्मचारियों के व्यवहार और शिकायत निवारण व्यवस्था से जुड़े विषयों पर सुझाव लिए गए। रेलवे की ओर से बताया गया कि यात्रियों ने स्टेशन पर उपलब्ध स्वच्छता, पेयजल और सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की सराहना की।
कार्यक्रम में यात्रियों को चार प्रकार के डस्टबिन के सही उपयोग, कचरे के पृथक्करण और उचित निस्तारण की जानकारी भी दी गई। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से स्वच्छता को दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करने की अपील की।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, स्वच्छता पखवाड़ा और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन अभियान के माध्यम से रेलवे स्टेशनों पर स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए यात्रियों, कर्मचारियों और सफाई मित्रों की सहभागिता को प्रोत्साहित किया जा रहा है।
Budaun Amarprabhat