भारतीय बौद्ध महासभा के तत्वावधान में निकाली गई शोभायात्रा, वक्ताओं ने बुद्ध और बाबा साहेब के विचारों पर डाला प्रकाश
बदायूं। भारतीय बौद्ध महासभा बदायूं के तत्वावधान में बुधवार को डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क में धम्म दीक्षा दिवस धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 10 बजे भिक्खु संघ द्वारा बुद्ध वंदना से हुई। इसके बाद बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
इसके बाद डॉ. भीमराव आंबेडकर पार्क से शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा जिला अस्पताल के सामने से कचहरी रोड, नेकपुर अंडरपास, पीडब्ल्यूडी चौराहा, संतोष सिंह चौक और आवास विकास होते हुए विभिन्न मार्गों से गुजरी। पवन बैंक्वेट लॉन के सामने डॉ. हरीश कुमार दिनकर की ओर से शोभायात्रा में शामिल लोगों को केले वितरित किए गए। शोभायात्रा पुलिस लाइन चौराहे और वन विभाग मार्ग से होते हुए पुनः आंबेडकर पार्क पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
इसके बाद पार्क में आयोजित सभा में धम्म और आंबेडकर विचारधारा से जुड़े वक्ताओं ने अपने विचार रखे। वक्ताओं में डॉ. राधेलाल बौद्ध, डॉ. क्रांति कुमार, साहब सिंह बौद्ध, भारत सिंह आंबेडकर, छोटे लाल, डॉ. हरीश दिनकर, सदावती बौद्ध सहित अन्य लोग शामिल रहे। कार्यक्रम में नगर विधायक महेश चंद्र गुप्ता भी मौजूद रहे।
कासगंज से आए बौद्ध गायक हीरालाल बौद्ध ने भगवान बुद्ध और बाबा साहेब के जीवन पर आधारित गीत प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के अंत में भारतीय बौद्ध महासभा के जिलाध्यक्ष रघुबीर सिंह ने सभी अतिथियों और उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। इसके बाद ‘सब्बे सत्ता’ के उद्घोष के साथ सभा के समापन की घोषणा की गई।
Budaun Amarprabhat