इस्लामनगर के गांव नौना का मामला, परिजनों ने चचेरे भाई के तानों से परेशान होने की बात कही
बदायूं। इस्लामनगर थाना क्षेत्र के गांव नौना में 28 वर्षीय युवक की विषाक्त पदार्थ खाने से मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि युवक अपने चचेरे भाई की कथित अभद्र टिप्पणियों और पारिवारिक विवाद से परेशान था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान गांव नौना निवासी विनोद पुत्र पानसिंह के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, विनोद का विवाह करीब 10 वर्ष पहले कादरचौक निवासी सत्यवती से हुआ था। उसके तीन बच्चे हैं।
परिजनों का आरोप है कि विनोद का चचेरा भाई संतोष आए दिन उसके और उसकी पत्नी के संबंधों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करता था। इस संबंध में विनोद ने संतोष के परिजनों से भी शिकायत की थी। परिजनों के मुताबिक, समझाने के बावजूद कथित तौर पर टिप्पणियां जारी रहीं, जिससे विनोद मानसिक रूप से परेशान था।
परिजनों के अनुसार, बीते दिन विनोद ने घर में रखा विषाक्त पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे चंदौसी के एक निजी अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के कारणों और लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
Budaun Amarprabhat