राजकीय महाविद्यालय में दो दिवसीय विशेष व्याख्यान शुरू, रोजगार के अवसरों की भी दी जानकारी
बदायूं, 15 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश शासन के सेवा संकल्प अभियान के तहत राजकीय महाविद्यालय, आवास विकास, बदायूं में वाणिज्य विषय के छात्र-छात्राओं के लिए दो दिवसीय विशेष व्याख्यान का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में अवंती बाई लोधी राजकीय महिला महाविद्यालय, बरेली के वाणिज्य विभाग के प्रोफेसर डॉ. पंकज अग्रवाल ने बीकॉम और एमकॉम के विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम की जानकारी देने के साथ परीक्षा में सफलता के लिए मार्गदर्शन किया।
महाविद्यालय के वाणिज्य विभाग में प्राध्यापकों के पांचों पद रिक्त होने के कारण विद्यार्थियों को पढ़ाई में मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह आयोजन किया गया। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम की समझ, आगामी परीक्षाओं की तैयारी और रोजगार के व्यावहारिक अवसरों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. श्रद्धा गुप्ता ने किया। संचालन विभाग के केयरटेकर डॉ. राकेश कुमार जायसवाल ने किया।
मुख्य वक्ता डॉ. पंकज अग्रवाल ने कहा कि वाणिज्य विषय केवल लेखा-जोखा तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे व्यवसाय, बाजार, वित्त, बैंकिंग और उद्यमिता की व्यावहारिक समझ विकसित होती है। उन्होंने व्यवसाय प्रबंधन, वाणिज्य संचार, बाजार, उद्यमिता, सांख्यिकी, बैंकिंग, आयकर और शेयर बाजार सहित विभिन्न विषयों पर जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि लेखाशास्त्र, व्यापार संगठन, वित्तीय प्रबंधन, कंपनी विधि, लागत लेखांकन, व्यापार अर्थशास्त्र और कराधान जैसे विषयों का नियमित अध्ययन परीक्षा में सफलता के साथ भविष्य में रोजगार पाने में भी सहायक है। इन क्षेत्रों में बैंकिंग, लेखा, कर परामर्श, वित्तीय विश्लेषण और उद्यमिता जैसे अवसर उपलब्ध हैं।
व्याख्यान के दौरान छात्र-छात्राओं ने पाठ्यक्रम और परीक्षा से जुड़े सवाल पूछे, जिनका मुख्य वक्ता ने समाधान किया। प्राचार्य डॉ. श्रद्धा गुप्ता ने कहा कि विद्यार्थियों के शैक्षिक मार्गदर्शन के लिए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने इसे शिक्षा, कौशल विकास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने की दिशा में उपयोगी पहल बताया।
Budaun Amarprabhat