
विधायक हरीश शाक्य ने प्रबुद्धजनों से किया संवाद, सामाजिक एकता और भाईचारे पर दिया जोर
बिल्सी (बदायूं)। बिल्सी स्थित विधायक आवास पर ब्राह्मण समाज की सामाजिक समरसता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान परशुराम के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस अवसर पर विधायक हरीश शाक्य ने समाज के प्रबुद्धजनों से संवाद किया और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि ब्राह्मण समाज ज्ञान, त्याग और संस्कारों का प्रतीक है। समाज को सही दिशा देने और सनातन संस्कृति की परंपराओं को बनाए रखने में समाज का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि प्रबुद्धजनों का मार्गदर्शन सामाजिक समरसता और एकता को मजबूत करने में सहायक होता है। उनके आशीर्वाद और सहयोग से क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि इस तरह की सामाजिक संगोष्ठियां आपसी सद्भाव और भाईचारे को बढ़ावा देती हैं। समाज के सभी वर्गों के बीच समरसता बनाए रखना जरूरी है।
कार्यक्रम में सभापति क्रय-विक्रय समिति किशन शर्मा, उझानी के पूर्व नगर अध्यक्ष राहुल शंखधर, मंगली राम शर्मा, पंकज शर्मा गुरुजी, बालाजी दरबार बिल्सी के संजीव शर्मा, देवकीनंदन शास्त्री, शिवकुमार दीक्षित, रजनीश शर्मा, डालचंद मिश्रा, महेश शर्मा, सभासद अमित मिश्रा और गौरव भारद्वाज सहित समाज के सैकड़ों प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat