ग्लोबल हैंडवाशिंग डे पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
बदायूं, 15 अक्टूबर । ग्लोबल हैंडवाशिंग डे (वैश्विक हाथ धुलाई दिवस) पर बृहस्पतिवार को “डायरिया से डर नहीं” कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य विभाग के तत्वावधान में पापुलेशन सर्विसेज इंटरनेशनल इंडिया और केनव्यू (KENVUE) के सहयोग से आंगनबाड़ी केन्द्रों और स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके माध्यम से हाथों की स्वच्छता के बारे में जरूरी टिप्स दिए गए और बताया गया कि हाथों की स्वच्छता की आदत अपनाकर बीमारियों से सुरक्षित रहा जा सकता है।
विकासखंड जगत के आंगनबाड़ी केंद्र लोची नगला, प्राथमिक विद्यालय नगला सरकी, प्राथमिक विद्यालय करमेकल गंज तथा आंगनबाड़ी केंद्र करमेकल गंज में जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को बताया गया कि बचपन से ही हाथों की स्वच्छता की आदत डाली जाए तो आगे चलकर यह व्यवहार में स्वत: शामिल हो जाती है, इसीलिए इस बात पर जोर रहता है कि ज्यादा से ज्यादा स्कूली बच्चों को इस बारे में जागरूक बनाया जाए और जरूरी टिप्स दिए जाएँ। इस मौके पर बताया गया कि दिनभर में हमारे हाथ कई अनजान सतहों, वस्तुओं और लोगों के सम्पर्क में आते हैं, ऐसे में इनके दूषित या संक्रमित होने की पूरी सम्भावना रहती है। यही दूषित हाथ अक्सर कीटाणु, बैक्टीरिया व वायरस को एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक सीधे सम्पर्क से या सतहों व खाद्य पदार्थों के माध्यम से पहुंचाने का काम करते हैं। इसलिए हाथों को पूरी तरह स्वच्छ व कीटाणुरहित बनाने के लिए हाथों को पहले पानी से गीला करें और साबुन लगाएं, झाग बनाने के लिए हाथों को आपस में रगड़ें, उँगलियों, हथेलियों, हाथों के पिछले हिस्से, कलाई, उँगलियों के बीच और नाखूनों के नीचे अच्छी तरह रगड़ें और ऐसा कम से कम 20 सेकेंड तक करें और फिर हाथों को साफ़ पानी से धुल लें और साफ़ तौलिये या हवा में सुखाएं। ऐसा करने से बीमारियों से सुरक्षित रहा जा सकता है और जीवन को बचाया जा सकता है। भोजन करने से पहले, शौचालय का उपयोग करने के बाद तथा हाथ गंदे होने पर साबुन से अच्छी तरह हाथ धोना आवश्यक है।
आंगनबाड़ी केंद्र लोची नगला में राजेश्वरी राठौर, संतोष कुमारी एवं अनीता ने सहभागिता की। प्राथमिक विद्यालय नगला सरकी में शिक्षिकाओं आरती, प्रियंका एवं प्रतिमा ने बच्चों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। प्राथमिक विद्यालय करमेकल गंज में प्रधानाध्यापक मोहम्मद वसीम खान तथा शिक्षिका फरजाना एवं अनवर जहाँ ने सहयोग प्रदान किया। आंगनबाड़ी केंद्र करमेकल गंज में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पिंकी एवं जाकिरा तथा एजुकेटर रुबीना असलम ने गतिविधियों में भाग लिया।
पीएसआई इंडिया की ओर से शशांक दुबे एवं दानिश ने कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए बच्चों को हाथों की स्वच्छता के महत्व, साबुन से नियमित हाथ धोने की आदत तथा डायरिया की रोकथाम के प्रति जागरूक किया।
Budaun Amarprabhat