Breaking News

चित्रकला, रंगोली और भाषण प्रतियोगिताओं से दिया गंगा संरक्षण का संदेश

Spread the love

बिल्सी के मॉडर्न स्कूल में ‘नमामि गंगे’ अभियान के तहत आयोजन, 30 से अधिक विद्यार्थियों को किया सम्मानित

बिल्सी (बदायूं)। गंगा संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बिसौली रोड स्थित मिथलेश कुमारी मॉडर्न स्कूल में ‘नमामि गंगे’ विशेष अभियान के अंतर्गत ‘स्वच्छता ही सेवा है’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। डीपीओ अनुज प्रताप सिंह के निर्देशन में हुए कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने चित्रकला, रंगोली, प्रश्नोत्तरी और भाषण प्रतियोगिताओं के माध्यम से स्वच्छ गंगा और स्वस्थ पर्यावरण का संदेश दिया। इस दौरान विद्यार्थियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई गई।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बिल्सी नगर पालिका परिषद की चेयरपर्सन ज्ञान देवी सागर, पूर्व पालिकाध्यक्ष ओम प्रकाश सागर और डीपीओ अनुज प्रताप सिंह मौजूद रहे। अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में अंतरराष्ट्रीय वेद प्रचारक एवं कवि आचार्य संजीव रूप और जैन समाज के अध्यक्ष मृगांक जैन शामिल हुए। विशिष्ट अतिथि राहुल सिंह सोलंकी और ट्रीमैन प्रशांत जैन रहे।

प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। भाषण प्रतियोगिता में छाया ने प्रथम, अवनी ने द्वितीय और पिंकस ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। पोस्टर बनाओ प्रतियोगिता में हर्षा प्रथम, तनवी द्वितीय और अनुराधा तृतीय स्थान पर रहीं। रंगोली प्रतियोगिता में राखी, खुशी, तनु, खुशबू शर्मा और निशा ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विभिन्न गतिविधियों में बेहतर प्रदर्शन करने वाले 30 से अधिक छात्र-छात्राओं को प्रतीक चिह्न, मेडल, प्रमाणपत्र और टी-शर्ट देकर सम्मानित किया गया।

ट्रीमैन प्रशांत जैन ने विद्यार्थियों को घर, विद्यालय और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई। चित्रकला और रंगोली के माध्यम से विद्यार्थियों ने गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने, जल संरक्षण और प्रकृति की रक्षा का संदेश दिया। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने गंगा नदी के महत्व और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विषयों पर अपनी जानकारी प्रदर्शित की।

डीपीओ अनुज प्रताप सिंह ने कहा कि गंगा भारत की सांस्कृतिक आस्था, परंपरा और जीवन का अभिन्न अंग है। इसकी स्वच्छता बनाए रखना पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों में बचपन से ही पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छता के संस्कार विकसित करना आवश्यक है।

विद्यालय के निदेशक अजय सिंह ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, नैतिक मूल्यों और प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना भी है। शिक्षिका अन्नू राय ने कहा कि ‘नमामि गंगे’ जैसे अभियान बच्चों को पर्यावरण संरक्षण का महत्व समझाने और स्वच्छता को दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।

आचार्य संजीव रूप ने जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने और कचरे का उचित निस्तारण करने पर जोर दिया। ट्रीमैन प्रशांत जैन ने कहा कि गंगा की निर्मलता और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए व्यक्तिगत प्रयासों के साथ सामूहिक सहभागिता भी जरूरी है।

कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद की चेयरपर्सन ज्ञान देवी सागर, पूर्व पालिकाध्यक्ष ओम प्रकाश सागर, मृगांक जैन, अनुज प्रताप सिंह, राहुल सिंह सोलंकी, प्रशांत जैन, मनोज माहेश्वरी, सूरज सागर, संचित सक्सेना, रमेश बाबू शर्मा, प्रिंस माहेश्वरी, अजीत वार्ष्णेय और गोपाल वार्ष्णेय सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के सह-संयोजन में अरिहंत संरक्षण समिति बिल्सी और कैलाश धाम आध्यात्मिक ट्रस्ट ने सहयोग किया।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

फ्यूचर लीडर्स स्कूल में परीक्षा तनाव प्रबंधन पर विशेष संगोष्ठी, विद्यार्थियों को दिया सफलता का मंत्र

Spread the love“तनाव नहीं, आत्मविश्वास के साथ करें परीक्षा की तैयारी” — नियमित अध्ययन, समय …