बदायूँ कोतवाली पुलिस का दोहरा एक्शन: चोरी के ई-रिक्शा सहित दो शातिर गिरफ्तार, हिस्ट्रीशीटर वारंटी भी दबोचा
बदायूँ। जनपद बदायूँ की कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को दो अलग-अलग कार्यवाहियों में वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चोरी के ई-रिक्शा सहित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। वहीं, एक अन्य अभियान में कई संगीन मुकदमों में वांछित चल रहे एक वारंटी को भी सलाखों के पीछे भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूँ के निर्देश पर वाहन चोरी पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत उपनिरीक्षक आलोक कुमार मय पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सोत नदी के नीचे जाने वाली पक्की सड़क से दो शातिर चोरों को धर दबोचा। पकड़े गए अभियुक्तों की पहचान टिंकू (निवासी रजी चौक, ब्रह्मपुर) और अयान (निवासी खण्डसारी, हाल निवासी आरिफपुर नवादा) के रूप में हुई। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किया गया ई-रिक्शा (संख्या UP24BT 3501) बरामद किया। आरोपी अयान शातिर किस्म का वाहन चोर है, जिस पर पूर्व में चोरी से जुड़े छह मुकदमे दर्ज हैं। दोनों के खिलाफ धारा 303(2)/317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
दूसरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक जगमेन्दर मय टीम ने न्यायालय से गैरहाजिर चल रहे शातिर वारंटी शब्बू पुत्र अजीज (निवासी मोहल्ला ऊपर पारा) को गिरफ्तार किया। पकड़ा गया वारंटी मारपीट, आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट सहित 7 मुकदमों का हिस्ट्रीशीटर रहा है। पुलिस ने विधिक औपचारिकताएं पूर्ण कर तीनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
Budaun Amarprabhat