बदायूं। दिल्ली पब्लिक स्कूल में शनिवार को प्रतिष्ठित सिविल सेवा कोचिंग संस्थान ‘दृष्टि आई.ए.एस.’ की विशेषज्ञ टीम का आगमन हुआ। यह आयोजन विद्यालय के जूनियर सिविल सेवा अभ्यर्थियों के लिए प्रेरणा, मार्गदर्शन और नए अवसरों का विशेष मंच बना। इस दौरान दृष्टि आई.ए.एस. के सेंटर हेड एडवोकेट पवन कुमार सिंह ने विद्यालय के नन्हे एस्पिरेंट्स से सीधा संवाद किया और सिविल सेवा के प्रति उनकी गहन जिज्ञासा, तैयारी और समर्पण को देखकर भारी प्रसन्नता व्यक्त की।
संवाद के दौरान पवन कुमार सिंह ने डीपीएस बदायूं की इस दूरदर्शी शैक्षिक पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने विद्यालय द्वारा विशेष रूप से तैयार की गई पाठ्यक्रम आधारित ‘सारथी’ पुस्तक और उसकी व्यवस्थित शिक्षण प्रणाली को अद्भुत बताया। विद्यार्थियों के तार्किक और गंभीर प्रश्नों से प्रभावित होकर उन्होंने कहा, “डीपीएस बदायूं आकर अत्यंत सुखद अनुभूति हुई। आज मैं ऐसे नन्हे बच्चों के बीच उपस्थित हूँ, जो पूरी ऊर्जा और स्पष्ट सोच के साथ अपनी मंजिल की ओर अग्रसर हैं। इतनी छोटी उम्र में सिविल सेवा के प्रति उनका गहरा रुझान और संकल्प वास्तव में काबिले-तारीफ है। मुझे पूरा विश्वास है कि ये विद्यार्थी भविष्य में उत्कृष्ट सफलता हासिल करेंगे।”
उन्होंने आश्चर्य व्यक्त करते हुए आगे कहा कि डीपीएस बदायूं ने अपने परिसर में ऐसे प्रतिभाशाली ‘अर्जुन’ तैयार कर रखे हैं, जो लक्ष्य भेदने के लिए पूरी तरह तत्पर हैं। इस शैक्षिक सत्र के दौरान दृष्टि आईएएस की टीम द्वारा कुछ मेधावी विद्यार्थियों का चयन भी किया गया, जिन्हें आगामी वर्षों में विशेषज्ञ मार्गदर्शन और मेंटरशिप का सीधा लाभ मिलेगा।
विद्यालय के फाइनेंस डायरेक्टर आशीष सक्सेना ने कहा कि प्रबुद्ध व्यक्तित्वों का सान्निध्य विद्यार्थियों की सोच को नई दिशा और विस्तार देता है। वहीं, प्रधानाचार्य राजीव सामंतो ने स्पष्ट किया कि विद्यालय का मुख्य उद्देश्य बच्चों में किताबी ज्ञान के साथ आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा का भाव जगाना है। इस आयोजन ने नन्हे एस्पिरेंट्स के हौसले को नई उड़ान दी।
Budaun Amarprabhat