बदायूँ। उत्तर प्रदेश शासन की मंशानुरूप महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर संचालित ‘मिशन शक्ति अभियान’ (फेज-6.0) के अंतर्गत बदायूँ पुलिस ने विशेष पहल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में शनिवार को जनपद के विभिन्न थानों में सम्मान एवं फीडबैक कार्यक्रम तथा ‘पिंक समाधान दिवस’ का आयोजन किया गया।
अभियान के तहत थाना कादरचौक, फैजगंज बेहटा, बिनावर, कुंवरगांव और उघैती की मिशन शक्ति टीमों द्वारा पूर्व में सुलझाए गए पारिवारिक विवादों से जुड़े पक्षों व अभिभावकों को थानों पर आमंत्रित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने परिवारों को सम्मानित करते हुए उनका फीडबैक लिया और उन्हें सौहार्दपूर्ण जीवन के लिए प्रेरित किया। वहीं थाना सिविल लाइंस, कुंवरगांव, फैजगंज बेहटा व बिनावर में पिंक समाधान दिवस आयोजित कर महिला संबंधी शिकायतों का त्वरित निस्तारण कराया गया। इसके अतिरिक्त कुंवरगांव पुलिस ने ग्राम मोगर स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में छात्राओं को आत्मरक्षा व अधिकारों के प्रति जागरूक किया।
जनपद के सभी थाना क्षेत्रों के बाजारों, चौराहों, धार्मिक स्थलों व शैक्षणिक संस्थानों में महिला पुलिसकर्मियों ने सघन जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान महिलाओं को मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन, उप्र राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत जैसी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही आपातकालीन सेवाओं—वीमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112, महिला हेल्पलाइन 181, सीएम हेल्पलाइन 1076 व साइबर हेल्पलाइन 1930 के उपयोग के संबंध में पम्पलेट वितरित कर जागरूक किया गया।
Budaun Amarprabhat