24 अक्टूबर से शुरू होगा रामलीला महोत्सव, 28 को निकलेगी रामबारात और 4 नवंबर को होगा रावण वध
उघैती (बदायूं)। कस्बा खितौरा में आगामी रामलीला महोत्सव को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में आदर्श रामलीला क्लब की ओर से विधि-विधान के साथ झंडी पूजन किया गया। इसके बाद बजरंगबली की भव्य झांकी निकाली गई। झांकी में श्रद्धालुओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। जगह-जगह भगवान श्रीराम और बजरंगबली के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
बजरंगबली की झांकी का शुभारंभ कस्बे के प्राचीन देवी मंदिर से हुआ। यहां विधि-विधान से पूजन-अर्चना करने के बाद झांकी सहसवान-बिसौली रोड, भारद्वाज मार्केट, डाकखाना रोड, होली चौक, रियोनाई रोड और महलोली रोड से होते हुए रामलीला मैदान पहुंची। रास्ते में श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाकर धार्मिक उत्साह का प्रदर्शन किया। रामलीला मैदान पहुंचने पर भी श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम और बजरंगबली के जयकारे लगाए।
आदर्श रामलीला क्लब की ओर से आयोजित रामलीला महोत्सव के तहत 24 अक्टूबर से 4 नवंबर तक रामलीला का नाट्य मंचन किया जाएगा। आयोजन के दौरान 28 अक्टूबर को भव्य रामबारात निकाली जाएगी, जबकि 4 नवंबर को रावण वध के साथ महोत्सव का समापन होगा। कार्यक्रम की तैयारियों में कमेटी के पदाधिकारी और सदस्य जुटे हुए हैं।
रामलीला महोत्सव को लेकर कस्बे के लोगों में उत्साह का माहौल है। रामलीला के मंचन के माध्यम से दर्शकों को भगवान श्रीराम के जीवन, आदर्शों, त्याग, मर्यादा और धर्म की विजय से जुड़े प्रसंग देखने को मिलेंगे। आयोजन धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का माध्यम भी बनेगा।
इस मौके पर रामलीला कमेटी के महाराज सिंह, प्रदीप कुमार सिंह, बलराम पाठक, अमन कुमार सिंह, योगेश गिरी, रजनीश गिरी, लोकेश कुमार पाल, किशोरी पाल, वंश गुप्ता, गुरु प्रताप सिंह, रूपकिशोर गुप्ता, तिलक सिंह और प्रेमशंकर पुरी सहित अन्य लोगों का विशेष सहयोग रहा।
Budaun Amarprabhat