इस्लामनगर। कस्बे के मेन स्टैंड रोड पर पंजाब नेशनल बैंक के समीप स्थित शिवम गन हाउस में हुए संदिग्ध धमाके में गंभीर रूप से घायल युवक अमित की रविवार को उपचार के दौरान मौत हो गई। उसने दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में अंतिम सांस ली। युवक की मौत की खबर से परिवार में शोक छा गया।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले शिवम गन हाउस में अचानक धमाका हुआ था। घटना में दुकान पर मौजूद अमित, शिव कुमार और राजेश कुमार घायल हो गए थे। तीनों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अमित की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर उपचार के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया था।
वहां कई दिनों तक उपचार चलने के बाद रविवार को उसकी मौत हो गई। घटना के बाद से ही क्षेत्र में इस हादसे को लेकर चर्चा थी। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। धमाके के कारणों के संबंध में जांच की स्थिति स्पष्ट होने पर ही वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।
संवाददाता गोविन्द देवल
Budaun Amarprabhat