बदायूं। क्षत्रिय महासभा बदायूं एवं महाराणा प्रताप विकास ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में पारंपरिक रूप से 20 अक्टूबर 2026 को विजयदशमी के पावन अवसर पर भव्य शस्त्र पूजन समारोह सह दशहरा सभा का आयोजन किया जाएगा। यह गरिमामयी कार्यक्रम शहर के स्काउट भवन में आयोजित होगा।
क्षत्रिय महासभा बदायूं के जिला महासचिव दिनेश सिंह एडवोकेट ने कार्यक्रम की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि 20 अक्टूबर को सुबह नौ बजे आचार्य प्रताप सिंह के सानिध्य में वैदिक यज्ञ संपन्न कराया जाएगा। इसके बाद उपस्थित सभी लोगों को रक्षा सूत्र भेंट किया जाएगा। तत्पश्चात प्रभु श्रीराम के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत शस्त्र पूजन किया जाएगा और राष्ट्र रक्षा का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।
शस्त्र पूजन के उपरांत स्काउट भवन से महाराणा प्रताप चौक तक ‘राष्ट्र रक्षा मार्च’ निकाला जाएगा, जहां राष्ट्र नायक महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया जाएगा। इसके बाद पुनः स्काउट भवन में सांस्कृतिक कार्यक्रम, काव्यपाठ, अतिथियों के आशीर्वचन तथा मेधावी छात्र-छात्राओं, वरिष्ठ व विशिष्ट समाजसेवियों का सम्मान समारोह आयोजित होगा।
जिला संगठन मंत्री अवनीश सोलंकी ने बताया कि समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विधान परिषद सदस्य डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त एवं दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह (बब्बू भइया) मौजूद रहेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षत्रिय महासभा के प्रधान प्रदेश महासचिव आलोक सिंह चौहान ‘संघर्षी’, मनौना धाम व्यवस्थापक आर्येंद्र सिंह चौहान, ब्लॉक प्रमुख वजीरगंज गुड्डो देवी, ब्लॉक प्रमुख उसावां ममता सिंह और चेयरमैन उसावां प्रियंका चौहान सहभागिता करेंगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता महासभा के जिलाध्यक्ष राकेश सिंह करेंगे।
Budaun Amarprabhat