बदायूं। बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद द्विवार्षिक चुनाव में शुक्रवार को जिले के सभी 10 मतदेय स्थलों पर शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ। जिले में कुल 3,935 मतदाताओं में से 2,781 ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह कुल 70.67 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
मतदान के दौरान जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने बदायूं नगर पालिका परिषद और बिल्सी स्थित मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
मतदान समाप्त होने के बाद सभी 10 मतदेय स्थलों की सीलबंद मतपेटिकाएं कड़ी सुरक्षा के बीच बरेली स्थित स्ट्रांग रूम भेज दी गईं। मतपेटिकाओं को 27 अक्टूबर तक सुरक्षित रखा जाएगा। मतगणना भी 27 अक्टूबर को बरेली में होगी।
Budaun Amarprabhat