विश्व पर्यावरण दिवस पर हुआ पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
संवाददाता : असलम
इस्लामनगर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विकासखंड इस्लामनगर के ग्राम चिड़ियाखेड़ा स्थित अन्त्येष्टि स्थल पर पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
पौधारोपण कार्यक्रम में ग्राम प्रशासक प्रधान, ग्राम सचिव आस मोहम्मद, पंचायत सहायक, रोजगार सेवक तथा ग्रामीणों ने सहभागिता करते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सरनाम सिंह ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण में पेड़-पौधों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। वृक्ष न केवल जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी अहम योगदान देते हैं। उन्होंने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण समय की आवश्यकता है।
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का भी संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना भी सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
इस दौरान ग्राम पंचायत के पदाधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता फैलाने तथा हरित वातावरण के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प व्यक्त किया।
Budaun Amarprabhat