Breaking News

बिल्सी को मिल सकता है मिनी स्टेडियम का तोहफा, विधायक ने शासन स्तर पर शुरू किए प्रयास

Spread the love

संवाददाता गोविन्द देवल
बिल्सी (बदायूं)। यदि सब कुछ योजना के अनुरूप रहा तो बिल्सी क्षेत्र की जनता को जल्द ही मिनी स्टेडियम की सौगात मिल सकती है। क्षेत्रीय विधायक हरीश शाक्य ने खेल प्रतिभाओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्र में मिनी स्टेडियम की स्थापना के लिए शासन स्तर पर प्रयास शुरू किए हैं। इसके लिए उपयुक्त भूमि की तलाश भी की जा रही है।

बिल्सी क्षेत्र में वर्तमान समय में खिलाड़ियों के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त कोई खेल मैदान या स्टेडियम उपलब्ध नहीं है। इसके चलते क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल पाती हैं। इसी आवश्यकता को देखते हुए विधायक ने हाल ही में लखनऊ में हुई एक बैठक में बिल्सी में स्टेडियम स्थापित किए जाने का प्रस्ताव रखा था।

विधायक का कहना है कि क्षेत्र में अनेक प्रतिभाशाली युवा हैं, जो विभिन्न खेलों में बेहतर प्रदर्शन कर अपने क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें मूलभूत खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्टेडियम बनने से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर माहौल मिल सकेगा।

सूत्रों के अनुसार स्टेडियम निर्माण के लिए भूमि चिन्हित करने की प्रक्रिया जारी है। भूमि उपलब्ध होने के बाद प्रस्ताव को आगे बढ़ाया जाएगा। इस पहल को लेकर क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों में उत्साह देखा जा रहा है। उनका मानना है कि स्टेडियम बनने से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलेगा।

विधायक हरीश शाक्य ने कहा कि क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि अपने कार्यकाल में उन्होंने रोडवेज बस स्टैंड, राजकीय महाविद्यालय में बीएससी कक्षाओं की स्वीकृति तथा नगर बाईपास जैसे कई विकास कार्यों को आगे बढ़ाया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि स्टेडियम के प्रस्ताव को भी शासन से स्वीकृति मिल जाएगी और इसके लिए वह लगातार प्रयासरत हैं।

साल भर होते हैं खेल आयोजन

बिल्सी नगर एवं क्षेत्र में युवाओं के बीच खेलों को लेकर विशेष उत्साह रहता है। यहां हर वर्ष क्रिकेट टूर्नामेंट सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाता है। खिलाड़ियों का कहना है कि बेहतर खेल मैदान और सुविधाओं के अभाव में कई प्रतिभाएं आगे नहीं बढ़ पातीं। स्टेडियम बनने से उन्हें बेहतर अवसर मिल सकेंगे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के आवेदकों के साक्षात्कार 17 व 18 अगस्त को

Spread the loveबदायूं। विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना वर्ष 2026-27 के तहत पारंपरिक कारीगरों को 10 …