Breaking News

उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों संग की समीक्षा: बोले— शिकायतें समयबद्ध व गुणवत्तापरक ढंग से निस्तारित हों, विकास में बदायूं आए प्रथम

Spread the love

संवाददाता : गोविंद देवल
अमर प्रभात, बदायूं

बदायूं, 10 दिसम्बर।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में विकास व कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि वर्ष 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र और उत्तर प्रदेश विकसित प्रदेश बनेगा, इसलिए प्रत्येक अधिकारी अपने कार्य में गंभीरता, निष्ठा और पारदर्शिता अपनाएं।

शिकायतों की जांच ‘स्व’ विभाग को न सौंपें, गुणवत्ता पर हो विशेष ध्यान

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जिस विभाग से शिकायत जुड़ी हो, उसकी जांच उसी अधिकारी को न दी जाए।
उन्होंने संपूर्ण समाधान दिवस व थाना समाधान दिवस पर मिलने वाली शिकायतों का गहन एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा—“ऐसी कोई समस्या नहीं जिसका समाधान न हो सके, बस नीयत और निष्ठा चाहिए।”

चकमार्ग व सरकारी जमीनों पर कब्जों पर सख्ती, चलेगा विशेष अभियान

उन्होंने बताया कि चकमार्ग और सरकारी भूमि पर कब्जों की शिकायतें लखनऊ तक पहुंचती हैं, जो अत्यंत गंभीर बात है।
उन्होंने ऐसे मामलों में विशेष अभियान चलाकर त्वरित निस्तारण करने को कहा।
अमृत सरोवरों को आकर्षक और रोशन बनाने को भी उन्होंने सरकार की प्राथमिकता बताया।

धान खरीद, सीमांकन व खाद की उपलब्धता पर विस्तार से समीक्षा

सीमांकन मामलों पर जिलाधिकारी ने बताया कि 90 दिन से पुराना कोई प्रकरण लंबित नहीं है।
धान खरीद के संबंध में उपमुख्यमंत्री ने क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण कराने को कहा। डीएम ने बताया कि 37,000 मीट्रिक टन का लक्ष्य मिला है और लक्ष्य पूर्ति हेतु प्रयास किए जा रहे हैं।
खाद उपलब्धता की जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि किसानों को किसी भी स्थिति में परेशान न होना पड़े।

स्कूल यूनिफॉर्म के लिए SHG की दीदीयों को बढ़ावा, लखपति दीदी योजना पर बल

परिषदीय विद्यालयों में यूनिफॉर्म, जूते-मोजे वितरण की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्वयं सहायता समूह (SHG) की दीदीयों को यूनिफॉर्म निर्माण से जोड़ने के निर्देश दिए।
कहा—“इन दीदीयों को लखपति बनाने के लक्ष्य को लेकर सरकार प्रतिबद्ध है।”

हर घर नल से जल—10-10 ग्राम सभाओं का होगा निरीक्षण

उन्होंने प्रत्येक ब्लॉक में 10-10 ग्राम सभाओं का निरीक्षण कराने का निर्देश दिया, जहां शत-प्रतिशत जल आपूर्ति कार्य पूर्ण हो चुका हो, ताकि वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके।
विद्युत आपूर्ति, ट्रांसफॉर्मर बदलने और लाइन सुधार पर भी उन्होंने अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए और डीएम को विद्युत विभाग की अलग से समीक्षा करने को कहा।

गोशालाओं में सीसीटीवी अनिवार्य, सड़क पर न दिखें निराश्रित गौवंश

मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी से गो-आश्रय स्थलों की जानकारी लेते हुए उन्होंने कहा कि सड़क पर कोई निराश्रित गौवंश दिखाई न दे।
निर्माणाधीन गोशालाओं को जल्द पूरा करने और सभी गोशालाओं में सीसीटीवी लगाने का आदेश दिया।

आवास योजनाओं में पात्रों का चयन अत्यंत सावधानी से हो

प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री आवास योजना में पात्रों का चिन्हांकन ठीक ढंग से करने पर उन्होंने जोर दिया।
कहा कि विधवा महिलाओं, दिव्यांगजनों व जरूरतमंदों को प्राथमिकता मिले और लाभ सही व्यक्ति तक पहुंचे।

अम्बियापुर ब्लॉक को राष्ट्रीय रैंकिंग में दूसरा स्थान, मिला एक करोड़ का पुरस्कार

समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि आकांक्षात्मक ब्लॉक डेल्टा रैंकिंग में बदायूं का अम्बियापुर ब्लॉक द्वितीय स्थान पर आया है।
इसे इसके लिए एक करोड़ रुपये की विशेष धनराशि प्रदान की जाएगी।
उपमुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि पर बीडीओ शैली गोविल व शोधार्थी आशीष वर्मा को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

3 करोड़ दीदीयों को SHG से जोड़ने और 1 करोड़ को लखपति बनाने का लक्ष्य

मौर्य ने कहा कि प्रदेश में 3 करोड़ महिलाओं को SHG से जोड़ने और 1 करोड़ महिलाओं को लखपति बनाने की महत्वाकांक्षी योजना पर तेजी से काम चल रहा है।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों का संयुक्त व्हाट्सऐप ग्रुप बनाने को कहा, ताकि ग्राम चौपालों और विकास कार्यक्रमों की सूचनाएं तत्काल साझा की जा सकें।

कानून-व्यवस्था पर सख्त रुख— “फरियादी लखनऊ न जाए”

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से उन्होंने कानून-व्यवस्था की स्थिति जानी और कहा कि यदि कोई फरियादी न्याय के लिए लखनऊ तक जाए तो इसे अत्यंत गंभीर माना जाएगा।
उन्होंने एक महीने बाद पुनः बदायूं दौरे और ग्राम चौपाल व निरीक्षण कार्यक्रमों में भाग लेने की घोषणा की।

“डबल इंजन की सरकार प्रोत्साहित करती है”—पर्यटन विकास पर भी जोर

उन्होंने कहा कि सरकार अधिकारियों को हर स्तर पर प्रोत्साहित करती है।
बदायूं में पर्यटन विकास की असीम संभावनाएं बताते हुए उन्होंने कहा कि जनपद को प्रदेश के अग्रणी जिलों में लाने के लिए अधिकारी संपूर्ण निष्ठा से काम करें।

गार्ड ऑफ ऑनर व स्मृति चिन्ह से हुआ स्वागत

कलेक्ट्रेट आगमन पर उपमुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
बैठक में जिलाधिकारी ने उन्हें राम दरबार स्मृति चिन्ह भेंट किया।
इस अवसर पर बिल्सी विधायक हरीश शाक्य, भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव कुमार गुप्ता, सदर विधायक महेश सिंह गुप्ता, पूर्व एमएलसी जितेंद्र यादव, बैंक अध्यक्ष जे.के. सक्सेना, शारदेंदु पाठक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

मारपीट के दो मामलों में छह लोग गिरफ्तार, शांतिभंग में चालान कर कोर्ट भेजा

Spread the loveसंवाददाता: गोविंद देवल बिल्सी (बदायूं)। नगर के पालिका बाजार में युवक के साथ …

error: Content is protected !!