बदायूं। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने तथा आपातकालीन सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बुधवार को एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा ने पुलिस डायल 112 के बेड़े में शामिल की गई चार नई टू-व्हीलर वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर एसएसपी ने कहा कि नई बाइकें मिलने से डायल 112 की कार्यक्षमता बढ़ेगी और आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस पहले से अधिक तेजी से घटनास्थल तक पहुंच सकेगी। इससे आम जनता को त्वरित और बेहतर पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।
उन्होंने पुलिस कर्मियों से कहा कि जनता की सुरक्षा और सेवा के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करें तथा आपातकालीन कॉल पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. हृदेश कठेरिया, क्षेत्राधिकारी नगर, क्षेत्राधिकारी उझानी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। नई गाड़ियों के शामिल होने से जनपद की पुलिस व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
Budaun Amarprabhat