बदायूं। थाना कोतवाली पुलिस ने मोहल्ला जालंधरी सराय में हुई चोरी की घटना का महज 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए एक महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, एक नीला बैग, भरा हुआ इंडेन गैस सिलेंडर और दो अवैध चाकू बरामद किए हैं।
मोहल्ला जालंधरी सराय निवासी हरीओम मौर्य ने 26 नवंबर 2026 को कोतवाली में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर की दूसरी मंजिल स्थित कमरे की अलमारी से मंगलसूत्र, झुमके, चांदी की पाजेब, नकदी, नीला बैग और गैस सिलेंडर चोरी कर ले गए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई शुरू की।
शुक्रवार को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मोहल्ला कबूलपुरा नागिन टीला निवासी शोएब पुत्र मुशीर, शारिक पुत्र फारूक, शाजिया पुत्री मुशीर तथा कबूलपुरा गोटिया पजाया निवासी भूरा पुत्र जाविर को शत-प्रतिशत माल बरामदगी के साथ दबोच लिया। पुलिस के अनुसार, शोएब और शारिक का पुराना आपराधिक इतिहास भी है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस व आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक अवधेश कुमार, कांस्टेबल विनीत कुमार, संजीत कुमार, शुभम कालहर और महिला कांस्टेबल शिवानी पंवार शामिल रहे।
Budaun Amarprabhat