उसहैत। स्थानीय कस्बे के वार्ड संख्या 11 में बारिश के दौरान पशुबाड़े (घेर) में अचानक बिजली का करंट प्रवाहित होने से बंधी दो दुधारू गायों की दर्दनाक मौत हो गई। इस आकस्मिक घटना से पीड़ित पशुपालक परिवार को गहरा आर्थिक झटका लगा है।
पीड़ित पवन मिश्रा पुत्र रवेंद्र मिश्रा (निवासी वार्ड संख्या 11) ने बताया कि रोजाना की तरह उनकी दोनों गायें रात में घेर के अंदर बंधी हुई थीं। इसी दौरान देर रात तेज बरसात शुरू हो गई। बारिश के बीच अचानक घेर में विद्युत करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आकर दोनों गायें छटपटाते हुए जमीन पर गिर पड़ीं। करंट की आवाज और पशुओं के तड़पने की आहट सुनकर परिजन तुरंत मौके की ओर दौड़े। जब तक परिजनों ने आनन-फानन में मुख्य विद्युत आपूर्ति बंद की, तब तक दोनों गायें दम तोड़ चुकी थीं।
घटना के तत्काल बाद पीड़ित द्वारा मामले की विधिवत सूचना विद्युत विभाग के अधिकारियों को दी गई। वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचे स्थानीय ग्रामीणों ने बिजली विभाग की लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त करते हुए पीड़ित पशुपालक को विभाग की ओर से उचित आर्थिक मुआवजा प्रदान किए जाने की मांग की है।
Budaun Amarprabhat