बदायूं। अंतरिक्ष विज्ञान और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में करियर बनाने के इच्छुक छात्रों और युवाओं के लिए तीन सितंबर को विशेष ऑनलाइन वेबिनार आयोजित किया जाएगा। डे एंड नाइट स्पेस फाउंडेशन एवं सहयोगी संस्थानों की ओर से आयोजित इस निःशुल्क वेबिनार में इसरो के पूर्व वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं इंजीनियर जयंत पी. जोशी मुख्य वक्ता के रूप में छात्रों का मार्गदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम दोपहर 12:10 बजे शुरू होगा। आयोजकों के अनुसार यह कार्यक्रम तृतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस 2026 के तहत आयोजित 15 दिवसीय ‘डिजिटल भारत स्पेस यात्रा’ अभियान के समापन अवसर पर होगा। वेबिनार में जयंत जोशी अपने अनुभवों के आधार पर अंतरिक्ष विज्ञान के मूलभूत सिद्धांतों, इसरो के प्रमुख मिशनों तथा अंतरिक्ष क्षेत्र में उपलब्ध करियर की संभावनाओं की जानकारी देंगे।
इसके साथ ही छात्रों को इसरो सहित अन्य अंतरिक्ष एजेंसियों में करियर बनाने की तैयारी के संबंध में व्यावहारिक मार्गदर्शन दिया जाएगा। शिक्षकों के लिए भी कार्यक्रम उपयोगी होगा। उन्हें विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और STEM शिक्षा को बढ़ावा देने के तरीके बताए जाएंगे।
व्याख्यान के बाद प्रश्नोत्तर सत्र होगा, जिसमें प्रतिभागी पूर्व इसरो वैज्ञानिक से सीधे सवाल पूछ सकेंगे। कार्यक्रम में छात्र, शिक्षक, शोधार्थी और अंतरिक्ष विज्ञान में रुचि रखने वाले लोग निःशुल्क शामिल हो सकते हैं। प्रतिभागियों को दोपहर 12:05 बजे तक गूगल मीट से जुड़ने की अपील की गई है। आयोजकों ने बताया कि सीटें सीमित हैं, इसलिए पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर प्रतिभागियों को समय से जुड़ना होगा।
Budaun Amarprabhat