Breaking News

जनगणना 2027 के लिए फील्ड ट्रेनर्स के तीनों बैचों का प्रशिक्षण पूरा

Spread the love

बदायूं में 16 नवंबर से शुरू होगी स्व-गणना, एक दिसंबर से घर-घर पहुंचेंगे प्रगणक

बदायूं। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के तहत बदायूं में नामित फील्ड ट्रेनर्स के तीनों बैचों का प्रशिक्षण बुधवार को पूरा हो गया। प्रशिक्षण के समापन पर जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) महेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने फील्ड ट्रेनर्स को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने जनगणना कार्य को व्यवस्थित और त्रुटिरहित ढंग से पूरा कराने के लिए प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

एडीएम ने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में फील्ड ट्रेनर्स की भूमिका अहम है। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण के दौरान जनगणना की कार्यप्रणाली, निर्धारित प्रश्नों, तकनीकी प्रक्रियाओं और कार्मिकों के दायित्वों की व्यावहारिक जानकारी दी जाए, ताकि फील्ड स्तर पर कार्य करने वाले कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का सही ढंग से निर्वहन कर सकें।

16 नवंबर से 30 नवंबर तक स्व-गणना

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जनपद में 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की प्रक्रिया संचालित की जाएगी। इस दौरान आमजन ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार की जनगणना संबंधी जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना संबंधी विवरण संकलित करेंगे।

बेघर व्यक्तियों की भी होगी गणना

जनगणना के दौरान बेघर व्यक्तियों को भी शामिल किया जाएगा, ताकि कोई भी व्यक्ति गणना से वंचित न रहे। इसके लिए फील्ड में तैनात प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को विशेष सतर्कता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशिक्षण प्राप्त फील्ड ट्रेनर्स चार्ज स्तर पर प्रगणकों और पर्यवेक्षकों को प्रशिक्षित करेंगे। इससे जनगणना की विभिन्न प्रक्रियाओं को निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरा करने में मदद मिलेगी।

जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे स्व-गणना की अवधि में सक्रिय भागीदारी करें और घर-घर गणना के दौरान प्रगणकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराकर सहयोग दें, ताकि जनगणना का कार्य सटीक और व्यवस्थित तरीके से पूरा किया जा सके।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

डिजिटल तकनीक से पौधों की पहचान और ग्रीन हाउस खेती पर छात्राओं ने दी प्रस्तुति

Spread the loveराजकीय महाविद्यालय में सेमिनार का चौथा दिन संपन्न ​बदायूँ। राजकीय महाविद्यालय बदायूँ के …