Breaking News

नीट यूजी परीक्षा को लेकर कलेक्ट्रेट में मैराथन बैठक, प्रशासनिक अमला अलर्ट

Spread the love

कदाचार मुक्त और शांतिपूर्ण परीक्षा के लिए डीएम-एसएसपी ने केंद्वाध्यक्षों और अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

अमर प्रभात ब्यूरो

बदायूँ। आगामी नीट यूजी परीक्षा-2026 को पूरी तरह सकुशल, शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए जनपद का प्रशासनिक और पुलिस महकमा पूरी तरह से मुस्तैद हो गया है। बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार कक्ष में जिलाधिकारी अवनीश राय तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा की संयुक्त अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा की तैयारियों को लेकर अधिकारियों और केंद्र व्यवस्थापकों को सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अवनीश राय ने कहा कि नीट परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और पारदर्शिता के कड़े इंतजाम किए जाएं। उन्होंने दो टूक शब्दों में सचेत किया कि परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा केंद्रों पर प्रशासनिक अधिकारियों और सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती कर दी गई है, जो लगातार केंद्रों का निरीक्षण करेंगे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने सुरक्षा खाके को स्पष्ट करते हुए सभी क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों के आसपास कड़ा पुलिस पहरा रहेगा। परीक्षा के दिन कानून व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखने के साथ ही संदिग्ध गतिविधियों और नकल माफियाओं पर पुलिस की खुफिया टीमें पैनी नजर रखेंगी। परीक्षा केंद्र के निर्धारित दायरे में धारा-144 का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अरुण कुमार भी मौजूद रहे, जिन्होंने परीक्षा से जुड़ी तकनीकी और बुनियादी व्यवस्थाओं का खाका प्रस्तुत किया। बैठक में जनपद के सभी संबंधित परीक्षा केंद्रों के प्रधानाचार्य एवं केंद्र व्यवस्थापक विशेष रूप से उपस्थित रहे।
डीएम और एसएसपी ने केंद्र व्यवस्थापकों से संवाद कर परीक्षा कक्षों में सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, जैमर, सिटिंग प्लान, प्रकाश व्यवस्था और अभ्यर्थियों के लिए पेयजल व अन्य जरूरी सुविधाओं की बारीकी से समीक्षा की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता भंग करने का प्रयास करने वाले तत्वों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (रासुका) व अन्य कठोर विधिक धाराओं के तहत तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान जनपद के समस्त उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, संबंधित थाना प्रभारी सहित पुलिस व प्रशासनिक विभागों के अन्य अधिकारी व कर्मचारीगण मुख्य रूप से मौजूद रहे।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने में पावर कार्पोरेशन प्रबन्धन विफल :देवेन्द्र*

Spread the love* ____________________________ 👉*पिछले 49 दिनों में 56 दुर्घटनाएं 30 की मौत 26 गंभीर …

error: Content is protected !!