बदायूं। आगामी गंगा दशहरा एवं ज्येष्ठ दशमी गंगा स्नान पर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बदायूं और कासगंज पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को क्षेत्राधिकारी उझानी सुनील कुमार सिंह एवं क्षेत्राधिकारी कासगंज आँचल चौहान ने संयुक्त रूप से कछला बॉर्डर और गंगा घाट क्षेत्र का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, पार्किंग एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। गंगा स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग हेतु उपयुक्त स्थान भी चिन्हित किए गए।
अधिकारियों ने श्रद्धालुओं के सुरक्षित और सुगम आवागमन के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की। साथ ही यातायात संचालन और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
क्षेत्राधिकारी कासगंज आँचल चौहान ने बताया कि सोरों से कछला गंगा घाट तक यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल एवं यातायात कर्मियों की तैनाती की जाएगी। इससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी और जाम जैसी स्थिति से भी बचा जा सकेगा।
अधिकारियों ने कहा कि गंगा दशहरा एवं ज्येष्ठ दशमी स्नान पर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी यातायात बदायूं अनिल अहलावत, तहसीलदार कासगंज बलवंत उपाध्याय, प्रभारी निरीक्षक सोरों लोकेश भाटी, प्रभारी निरीक्षक यातायात बदायूं अजय कुमार सिंह, प्रभारी यातायात कासगंज उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह, चौकी प्रभारी कछला घाट उपनिरीक्षक भूपिंदर कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat