नूरपुर में विद्युत समस्याओं को लेकर चल रहे धरना-प्रदर्शन में पहुंचे विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भैया’, अधिकारियों को दिए समाधान के निर्देश
——————————————————-
दातागंज, बदायूं। 29 जून, 2026
विधानसभा दातागंज अंतर्गत विकास खंड समरेर के ग्राम नूरपुर में विद्युत विभाग की अनियमितताओं को लेकर ग्रामवासियों द्वारा किए जा रहे धरना-प्रदर्शन में दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भैया’ पहुंचे। उन्होंने धरना स्थल पर ग्रामीणों के साथ बैठकर उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा मौके पर मौजूद विद्युत एवं प्रशासनिक अधिकारियों को तत्काल समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। विधायक के हस्तक्षेप एवं प्रशासन द्वारा समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिए जाने के बाद ग्रामवासियों ने अपना धरना-प्रदर्शन समाप्त किया।
धरना स्थल पर ग्रामीणों ने बताया कि गांव की प्रत्येक गली से 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन गुजर रही है, जिससे हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है। इसके अलावा गांव की विद्युत आपूर्ति कृषि फीडर से होने के कारण ग्रामीणों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पा रही है। ग्रामीणों ने मांग की कि गांव को ग्रामीण फीडर से जोड़ा जाए तथा वर्तमान में प्रतिदिन मिल रही केवल छह घंटे की विद्युत आपूर्ति बढ़ाई जाए। विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भैया’ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि जनसुरक्षा एवं जनसुविधा से जुड़े इन सभी विषयों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्रामीणों को शीघ्र राहत मिल सके।
इस अवसर पर एसडीओ भमौरा, जेई भमौरा, उपजिलाधिकारी दातागंज, क्षेत्राधिकारी दातागंज, थाना अध्यक्ष दातागंज सहित विद्युत विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी, रंजन सिंह (ग्राम प्रधान, किशोरपुर), गुड्डू अली (मंडल अध्यक्ष, अल्पसंख्यक मोर्चा भाजपा), चरण सिंह लोधी (पूर्व मंडल अध्यक्ष, समरेर), बालकराम राजपूत, देवेंद्र शर्मा, छत्रपाल राजपूत, बसंत राजपूत, राजपाल राजपूत, करण राजपूत तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।
Budaun Amarprabhat