Breaking News

बदायूँ में उच्च शिक्षा विभाग का संकल्प, कल एक साथ रोपे जाएंगे 29,100 पौधे

Spread the love

संवाददाता गोविन्द देवल
बदायूँ। उत्तर प्रदेश शासन के आदेशानुसार, कल 12 जुलाई को पूरे प्रदेश में ‘वृक्षारोपण महायज्ञ’ का आयोजन किया जा रहा है। इस वृहद अभियान में बदायूँ का उच्च शिक्षा विभाग अपनी सक्रिय भूमिका निभाते हुए 29,100 पौधों के रोपण का लक्ष्य पूरा करेगा।
उच्च शिक्षा विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. अनिल कुमार और उप नोडल अधिकारी डॉ. सरिता यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि जनपद के कुल 45 महाविद्यालयों को इस महायज्ञ में शामिल किया गया है। इसमें सभी राजकीय, स्व-वित्तपोषित अशासकीय और सहायता प्राप्त अशासकीय महाविद्यालय सम्मिलित हैं। सभी शिक्षण संस्थान निर्धारित जियो-टैगिंग स्थलों पर एक ही दिन और एक साथ वृक्षारोपण कर रिकॉर्ड बनाएंगे।
नोडल अधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने जिले के सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों और प्रबंधन को निर्देशित किया है कि वन विभाग की पौधशालाओं से निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप पौधों का उठान सुनिश्चित कर लें। साथ ही, वृक्षारोपण हेतु गड्ढे खोदने का कार्य आज हर हाल में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि 12 जुलाई, रविवार को सभी महाविद्यालय अनिवार्य रूप से खोले जाएंगे, जिसमें प्राध्यापकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं की उपस्थिति अनिवार्य होगी।
उप नोडल अधिकारी डॉ. सरिता यादव ने बताया कि इस अभियान में पर्यावरण संतुलन के लिए विशेष रूप से फलदार, औषधीय और इमारती लकड़ियों वाले पौधों का चयन किया गया है। उन्होंने आगे कहा कि रोपण के तुरंत बाद सभी पौधों की जियो-टैग फोटो ‘हरितमा एप’ पर अपलोड की जाएगी, जिसकी निरंतर निगरानी शासन स्तर से की जा रही है।
इस महायज्ञ के माध्यम से बदायूँ के शैक्षणिक संस्थान पर्यावरण संरक्षण का एक मजबूत संदेश देने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

राज्य सूचना आयुक्त स्वतंत्र प्रकाश गुप्ता का बदायूं-सहसवान-उझानी दौरा आज, भामाशाह जयंती समारोह में करेंगे शिरकत

Spread the loveसंवाददाता गोविन्द देवल बदायूं। उत्तर प्रदेश के राज्य सूचना आयुक्त स्वतंत्र प्रकाश गुप्ता …

error: Content is protected !!