Breaking News

शारदीय नवरात्र के पहले दिन प्राचीन नगला मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब

Spread the love


मां शैलपुत्री के दर्शन को लगीं लंबी कतारें
​बदायूं। पावन शारदीय नवरात्र के पहले दिन धर्मनगरी बदायूं पूरी तरह से भक्ति और उपासना के रंग में रंग गई है। नवरात्र के पावन पर्व के शुभारंभ पर मां दुर्गा के प्रथम स्वरूप मां शैलपुत्री की पूरे विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है। इस मौके पर जनपद के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र अंतर्गत नगला गांव में स्थित प्रसिद्ध व प्राचीन देवी मंदिर में सुबह तड़के से ही श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ पड़ा।
​शहर का प्रमुख और इकलौता प्रसिद्ध देवी स्थल होने के कारण नगला मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। मंदिर के पुजारी मोनू पांडे ने बताया कि परंपरा के अनुसार सुबह 3:30 बजे मां भगवती की भव्य मंगला आरती संपन्न कराई गई। मंगला आरती के तुरंत बाद मंदिर के कपाट आम श्रद्धालुओं के दर्शन व पूजन के लिए खोल दिए गए। कपाट खुलते ही माता के जयकारों से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा।
​मंदिर परिसर में सुबह से ही महिला, पुरुष और युवा श्रद्धालु हाथों में रोली, अक्षत, नारियल, चुनरी और फूल-मालाएं लेकर कतारबद्ध नजर आए। भक्तों ने मां शैलपुत्री के चरणों में शीश नवाकर सुख, शांति, समृद्धि और परिवार के कल्याण का आशीर्वाद मांगा। मंदिर प्रशासन का कहना है कि नवरात्र के पहले दिन यहां दिनभर श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही बनी रहेगी।
​श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस-प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद दिखा। सिविल लाइंस थाना पुलिस द्वारा मंदिर परिसर और आसपास के संवेदनशील बिंदुओं पर पर्याप्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है, जिससे व्यवस्था शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संचालित हो सके।
​मंदिरों में पूजा-अर्चना के साथ-साथ आज जनपद के घर-घर में शुभ मुहूर्त में कलश स्थापना की गई। श्रद्धालुओं ने अखंड ज्योति प्रज्वलित कर नौ दिवसीय शक्ति उपासना और उपवास का संकल्प लिया। शहर से लेकर देहात तक चारों ओर शंख, घंटियों और ‘जय माता दी’ के जयकारों के बीच नवरात्र का उल्लास चरम पर है।


Spread the love

About Govind Deval

Check Also

दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर नहीं रहे, 75 की उम्र में ली अंतिम सांस*

Spread the love* फिल्म इंडस्ट्री से चौंका देने वाली खबर सामने आई है. दिग्गज अभिनेता …