दहगवां। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। रविवार को दहगवां स्थित राव फार्महाउस पर सपा बूथ कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में बूथ कमेटियों की सक्रियता बढ़ाने, मतदाताओं से निरंतर संपर्क स्थापित करने और संगठन को चुनावी तैयारियों के लिए मजबूत करने को लेकर पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने मंथन किया। बैठक की अध्यक्षता किशनलाल खडगवंशी ने की।
बैठक में सहसवान विधायक बृजेश यादव ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को अभी से पूरी गंभीरता के साथ क्षेत्र में सक्रिय होना होगा। उन्होंने कहा कि चुनाव में बूथ की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। प्रत्येक बूथ पर संगठन को मजबूत करने के साथ मतदाताओं से लगातार संवाद स्थापित किया जाए और पार्टी की नीतियों व विचारधारा को लोगों तक पहुंचाया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथवार जिम्मेदारियों का निर्वहन करने और संगठन को मजबूत बनाने में जुटने का आह्वान किया।
सपा विधानसभा अध्यक्ष नवाब सिंह यादव ने कहा कि बूथ स्तर पर संगठन की सक्रियता बढ़ाने के साथ नए मतदाताओं को पार्टी से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार जनसंपर्क करने और पार्टी के कार्यक्रमों को जनता तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि बूथ मजबूत होगा तो संगठन मजबूत होगा और संगठन की मजबूती का लाभ चुनाव में मिलेगा।
बैठक में सपा के युवा नेता एवं मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के जिला महासचिव सोनू यादव ने भी संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने युवाओं से एकजुट होकर पार्टी के लिए काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को प्रत्याशी के बजाय पार्टी और नेतृत्व की विचारधारा को प्राथमिकता देते हुए चुनावी तैयारियों में जुटना चाहिए। उन्होंने कहा कि “प्रत्याशी कोई भी हो, हमारा प्रत्याशी साइकिल है। आपसी मतभेद भुलाकर सभी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करना होगा।”
बैठक के दौरान बूथवार संगठन की स्थिति पर चर्चा की गई। पदाधिकारियों ने अपने-अपने बूथों पर संगठन की सक्रियता, मतदाताओं से संपर्क और आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर विचार रखे। कार्यकर्ताओं से नियमित रूप से क्षेत्र में संपर्क अभियान चलाने, पार्टी के पुराने कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने और युवाओं को संगठन से जोड़ने पर भी जोर दिया गया।
पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि आगामी चुनाव को देखते हुए बूथ कमेटियों को लगातार सक्रिय रखा जाएगा। कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर जिम्मेदारियां सौंपकर संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने की रणनीति बनाई गई।
इस अवसर पर प्रताप सिंह यादव, लताफत हुसैन, होरीलाल जाटव, सेवाराम धोबी, मसूद प्रधान, प्रमोद गुप्ता, धर्मेन्द्र बघेल, बबलू यादव, कुलदीप सिंह, योगेन्द्र यादव, बीरेंद्र सिंह, सुधीर यादव, भूरे सिंह यादव, गंगाधर सिंह यादव, अजयवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता और बूथ पदाधिकारी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat