बदायूं। बदायूं विधानसभा क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछाने की दिशा में योगी सरकार ने बड़ी सौगात दी है। सात प्रमुख ग्रामीण मार्गों के निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है। शासन ने निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए पहली किस्त के रूप में 3.50 करोड़ रुपये भी अवमुक्त कर दिए हैं। इससे हजारों लोगों को आवागमन में राहत मिलने की उम्मीद है।
भाजपा विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता ने इन सड़कों के निर्माण के लिए शासन को प्रस्ताव भेजे थे। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से भी मुलाकात कर प्रस्तावों को मंजूरी दिलाने का अनुरोध किया था। शासन की स्वीकृति के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
इन मार्गों को मिली मंजूरी: मुड़िया-मोहम्मद नगर, रैपुरा-घटबेहटी, रूखड़ा खेड़ा-बलिया, मोहनपुर-कुंवरगांव पनौटा, जखोलिया-बनकोटा ग्राम देवता, नरखेड़ा स्कूल-सिकरोड़ी और नंदगांव मोड़-प्रहलादपुर तिराहा मार्ग शामिल हैं।
बॉक्स
‘विधानसभा क्षेत्र को मां माना है’
विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र को उन्होंने अपनी मां माना है और क्षेत्र के प्रत्येक व्यक्ति से उनका गहरा नाता है। विकास कार्यों का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
Budaun Amarprabhat