संवाददाता गोविन्द देवल
बदायूं। सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे सहकारिता सप्ताह के तहत सोमवार को विकास भवन सभागार में सहकारिता विभाग की ओर से सहकारी समितियों के सचिवों का सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता मुख्य अतिथि तथा जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष जे.के. सक्सेना विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
सम्मेलन का आयोजन सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता के निर्देशन में किया गया। इस दौरान इफको के विशेषज्ञों ने सहकारी समितियों के सचिवों को जैविक एवं नैनो उर्वरकों के उपयोग, उनके लाभ तथा आधुनिक कृषि तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही खेती में ड्रोन तकनीक के उपयोग और उससे संबंधित प्रशिक्षण की भी जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सदर विधायक महेश चंद्र गुप्ता और जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष जे.के. सक्सेना ने कहा कि “सहभागिता ही सहकारिता है” के मूल मंत्र को अपनाकर ही सहकारिता आंदोलन को मजबूत बनाया जा सकता है। उन्होंने जनपद में सहकारिता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सभी के सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया।
सम्मेलन में क्षेत्रीय सचिवों के साथ समिति सदस्यों ने भी सहभागिता की। कार्यक्रम में सहकारिता विभाग के अधिकारी, सहकारी समितियों के सचिव तथा अन्य संबंधित प्रतिभागी मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat