बदायूं। जनपद के थाना वजीरगंज क्षेत्र अंतर्गत ग्राम प्रधान उदयपुर, इस्लामुद्दीन पर गोली चलाकर जानलेवा हमला करने वाले वांछित मुख्य अभियुक्त शमशाद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे धरपकड़ अभियान के तहत वजीरगंज पुलिस ने बगरैन चौराहे के पास कच्चे रास्ते पर घेराबंदी कर यह कार्रवाई की।
पुलिस की जामा तलाशी के दौरान अभियुक्त शमशाद पुत्र गफ्फार खाँ निवासी ग्राम उदयपुर के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त 315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और लाल-काले रंग की हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की गई। पूछताछ में शमशाद ने पुरानी रंजिश के चलते जान से मारने की नीयत से साथियों संग मिलकर गोली मारने का जुर्म कबूल किया।
पुलिस इस मामले में शामिल शमशाद के चार अन्य साथियों राशिद, हामिद, बल्लू और समेराज को 16 अक्टूबर को ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अभियुक्त शमशाद के खिलाफ पूर्व में भी जानलेवा हमले (धारा 307 भादवि) का मुकदमा दर्ज है। उपनिरीक्षक संदीप कुमार गुप्ता, कांस्टेबल अवधेश कुमार व अर्जुन सिंह की टीम ने विधिक कार्यवाही पूरी कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
Budaun Amarprabhat