स्काउट गाइड के शीतल जल सेवा शिविर में राहगीरों को पिलाया गया ठंडा पानी
संवाददाता : गोविंद देवल
बदायूं। गांधी नेत्र चिकित्सालय के मुख्य द्वार पर भारत स्काउट गाइड संस्था के तत्वावधान में चल रहे निशुल्क शीतल जल सेवा शिविर के 18वें दिन भी भीषण गर्मी में राहगीरों और दूर-दराज से आए यात्रियों को शीतल जल वितरित किया गया।
शिविर का निरीक्षण करने पहुंचे जिला मुख्यालय आयुक्त कृपाल सिंह ने स्काउट गाइड द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि निस्वार्थ सेवा का अवसर सौभाग्यशाली लोगों को ही प्राप्त होता है और जरूरतमंदों की सहायता करने से आत्मिक शांति मिलती है।
जिला संगठन कमिश्नर मु. असरार ने कहा कि जल ही जीवन की सबसे बड़ी शक्ति है। लगातार घटते जल स्रोत और पेड़ों की कटाई प्रकृति की गंभीर चेतावनी हैं। यदि समय रहते जल संरक्षण और पौधारोपण पर ध्यान नहीं दिया गया तो आने वाली पीढ़ियों को भीषण जल संकट का सामना करना पड़ सकता है।
पूर्व जिला ट्रेनिंग कमिश्नर संजीव कुमार शर्मा ने कहा कि जल अमृत के समान है। बढ़ती गर्मी, पेड़ों की कमी और जल की बर्बादी ने चिंता बढ़ा दी है। उन्होंने लोगों से प्रकृति के साथ संतुलन बनाए रखने और जल संरक्षण के प्रति जागरूक होने की अपील की।
इस दौरान केदारनाथ महिला इंटर कॉलेज की शिक्षिका मीनाक्षी गुप्ता, सोनम साहू, जानवी गौतम, वंशिका वर्मा, माही पटेल, आराध्या पटेल, फरदीन अहमद, नवनीत कौर, आशिया, रुबीना सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat