गोरखपुर। डे एंड नाइट स्पेस फाउंडेशन, गोरखपुर की ओर से गुरुवार को अंतरिक्ष विज्ञान और इंजीनियरिंग में भविष्य की संभावनाओं को लेकर राष्ट्रीय ऑनलाइन वेबिनार आयोजित किया गया। इसमें इसरो के पूर्व वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं इंजीनियर डॉ. जयंत पी. जोशी ने विद्यार्थियों और शिक्षकों को निःशुल्क मार्गदर्शन दिया।
वेबिनार में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों, शिक्षकों और आम लोगों ने भाग लिया। डॉ. जयंत जोशी ने इसरो के प्रमुख मिशनों, सैटेलाइट, रॉकेट, पेलोड और अंतरिक्ष संचार तकनीक की कार्यप्रणाली के साथ इस क्षेत्र में करियर की संभावनाओं की जानकारी दी। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में इसरो और अन्य अंतरिक्ष एजेंसियों में करियर बनाने के तरीकों के साथ शिक्षकों को विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण और STEM शिक्षा को बढ़ावा देने की जानकारी दी गई। अंत में प्रश्नोत्तर सत्र में प्रतिभागियों ने डॉ. जोशी से सीधे संवाद कर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान किया। संस्था ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे निःशुल्क आयोजन किए जाएंगे।
Budaun Amarprabhat