राम बारात में उमड़ा आस्था का जनसैलाब
अलापुर। कस्बा अलापुर में रविवार को भगवान श्रीरामचंद्र जी की भव्य शोभायात्रा एवं ऐतिहासिक राम बारात बड़े ही धूमधाम, श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ निकाली गई। शोभायात्रा के दौरान पूरा कस्बा भगवान श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा और हर तरफ भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।
इस भव्य आयोजन में भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़ी एक से बढ़कर एक सुंदर और मनमोहक झांकियां शामिल रहीं, जिन्होंने कस्बावासियों और दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। शोभायात्रा जैसे-जैसे कस्बे के मुख्य मार्गों से होकर गुजरी, श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला और स्थानीय लोगों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर राम बारात का भव्य स्वागत किया।
शोभायात्रा में दातागंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक राजीव कुमार सिंह उर्फ बब्बू भैया ने विशेष रूप से शिरकत की। इस अवसर पर नगर के सभासदों, अलापुर मेला कमेटी के अध्यक्ष व पदाधिकारियों सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और शोभायात्रा में शामिल होकर धर्म लाभ उठाया।
वहीं, विशाल जनसैलाब और भव्य आयोजन को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क नजर आया। शोभायात्रा को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए दातागंज क्षेत्राधिकारी स्वयं मौके पर मौजूद रहकर सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। इसके साथ ही अलापुर थाना प्रभारी सनी चौधरी भारी पुलिस बल के साथ चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद रहे। प्रशासनिक सतर्कता और मेला कमेटी के बेहतर प्रबंधन के बीच यह ऐतिहासिक राम बारात शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई।
Budaun Amarprabhat