अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, मुशायरा, सांस्कृतिक संध्या और प्रतिभा प्रतियोगिताएं होंगी मुख्य आकर्षण
बदायूं। प्रख्यात गीतकार एवं साहित्यकार डॉ. उर्मिलेश के 75वें अमृत जयंती वर्ष और डॉ. उर्मिलेश जनचेतना समिति के 21वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में 23 व 24 जनवरी 2027 को बदायूं क्लब में दो दिवसीय डॉ. उर्मिलेश स्मृति उत्सव आयोजित किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को बदायूं क्लब सभागार में वरिष्ठ साहित्यकार नरेंद्र गरल की अध्यक्षता में बैठक हुई।
समिति के सचिव डॉ. अक्षत अशेष ने बताया कि 23 जनवरी को उद्घाटन सत्र में साहित्यकारों और विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद सोलो डांस, रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिताएं होंगी। रात आठ बजे अखिल भारतीय कवि सम्मेलन एवं मुशायरा आयोजित होगा।
24 जनवरी को ग्रुप डांस, फैंसी ड्रेस, बेबी शो, वॉयस ऑफ बदायूं, गॉट टैलेंट और पोस्टर प्रतियोगिताएं होंगी। रात में सांस्कृतिक संध्या, लाफ्टर शो और म्यूजिकल नाइट का आयोजन किया जाएगा।
बैठक में डॉ. मदन मोहन लाल ने बताया कि प्रतियोगिताओं में अश्लील और फूहड़ प्रस्तुतियों को अनुमति नहीं दी जाएगी। राहुल चौबे ने बताया कि आवेदन पत्र दिसंबर के प्रथम सप्ताह से विद्यालयों और ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध होंगे। बैठक में समिति के अनेक सदस्य मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat