नियमों के उल्लंघन पर हुई कार्रवाई, बच्चों को सुरक्षित वाहनों से स्कूल पहुंचाया
बदायूं। स्कूली बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर परिवहन विभाग ने विशेष अभियान चलाकर नियमों के विपरीत बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने में लगे पांच ई-रिक्शा सीज किए। यह कार्रवाई 15 अक्टूबर को जिलाधिकारी के निर्देश पर की गई।
परिवहन विभाग के अनुसार, अभियान के दौरान ई-रिक्शा में सवार बच्चों को सुरक्षित निजी वाहनों से उनके स्कूल पहुंचाया गया। कार्रवाई का उद्देश्य स्कूली बच्चों के आवागमन को सुरक्षित बनाना और अनधिकृत रूप से संचालित वाहनों पर रोक लगाना है।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ने विद्यालय प्रबंधन और अभिभावकों से अपील की कि बच्चों को स्कूल लाने-ले जाने के लिए निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित सुरक्षित वाहनों का ही उपयोग करें। विद्यालय प्रबंधक यह भी सुनिश्चित करें कि बच्चों के परिवहन में लगे वाहनों के आवश्यक दस्तावेज पूरे हों और सुरक्षा मानकों का पालन किया जाए।
विभाग ने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
Budaun Amarprabhat