पीडीपी 2026 के नए प्रावधानों और योजना तैयार करने की दी गई जानकारी
सालारपुर। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत गुणवत्तापूर्ण पंचायत विकास योजना (पीडीपी) 2026 को लेकर विकासखंड सालारपुर के सभागार में सचिवों एवं पंचायत सहायकों की एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ खंड विकास अधिकारी नितिन कुमार एवं एडीओ पंचायत शिव कुमार ने किया।
कार्यशाला में मास्टर ट्रेनर सुषमा राठौर एवं राजेश कुमार सक्सेना ने पंचायत विकास योजना क्यों, कैसे और इसमें किए गए नए बदलावों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। बताया गया कि वर्ष 2026 में जीपीडीपी के लिए 15 सवाल निर्धारित किए गए हैं, जिनके लिए कुल 100 अंक निर्धारित हैं। कार्ययोजना फीड किए जाने के दौरान प्रत्येक सवाल के आधार पर अंक शामिल किए जाएंगे।
प्रशिक्षण में ग्राम पंचायत स्तर पर वर्ष 2026-27 के लिए तैयार की जाने वाली पंचायत विकास योजना की प्रक्रिया के बारे में भी जानकारी दी गई। मास्टर ट्रेनर अरुण कुमार शेखर एवं राहत जहां ने आई-गॉट, टीएमपी पोर्टल तथा राज्य एवं वित्त से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।
मास्टर ट्रेनर राजेश कुमार सक्सेना ने ग्राम पंचायतों में निर्धारित प्लान के अनुसार विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराने पर जोर दिया। प्रशिक्षण के दौरान योजना तैयार करने, प्राथमिकता तय करने, उपलब्ध बजट एवं संसाधनों के प्रभावी उपयोग तथा विकास कार्यों को पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से संचालित करने पर भी चर्चा हुई।
कार्यक्रम पंचायती राज विभाग, बरेली मंडल बरेली के तत्वावधान में आयोजित किया गया। इस दौरान सचिव कृपाल सिंह, पवन सक्सेना, धर्मेंद्र सिंह, सुधीर सिंह तथा पंचायत सहायक बाबूजी, जितेंद्र सिंह, आयेन्द्र यादव, शीतल यादव, शिवानी, विपिन कुमार, अनिकेत पटेल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
Budaun Amarprabhat