बदायूं। थाना सिविल लाइन क्षेत्र की जवाहरपुरी पुलिस चौकी के अंतर्गत ग्राम आमगांव के पश्चिमी क्षेत्र स्थित भूड़ जंगल में 28 नवंबर की रात चोरों ने कई नलकूपों को निशाना बनाया। चोर नलकूपों की दीवार काटकर, ताले और दरवाजे तोड़कर उनमें रखे स्टार्टर, हेल्पर, कटआउट, केबल, बिजली के तार और अन्य कृषि उपकरण चोरी कर ले गए।
शनिवार सुबह खेतों पर पहुंचे किसानों को घटना की जानकारी हुई। किसानों के अनुसार, प्रत्येक नलकूप पर करीब 10 से 15 हजार रुपये तक का नुकसान हुआ है। चोरी की घटनाओं से रूपेंद्र सिंह पटेल, बेच सिंह, अभिषेक कनौजिया, रविंद्र सिंह, नितिन कुमार, पप्पू, विवेक कुमार और पप्पू फौजी सहित अन्य किसान प्रभावित हुए हैं।
किसानों ने बताया कि हरप्रसाद सिंह के नलकूप पर चोरों ने सामान जलाकर उसमें से तांबा भी निकाला। किसानों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले भी नलकूपों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं और पूर्व में शिकायतें भी दी गई थीं। ताजा घटना के संबंध में जवाहरपुरी पुलिस चौकी पर तहरीर दी गई है। किसानों ने पुलिस से मामले की जांच कर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने और सामान बरामद कराने की मांग की है।
Budaun Amarprabhat